BYD के प्रीमियम लग्जरी सब-ब्रांड Denza ने आखिरकार भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एंट्री कर ली है। कंपनी ने भारत में अपनी दो प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों, Denza Z9 GT और Denza D9 को लॉन्च किया है। जहां Z9 GT को स्पोर्टी शूटिंग ब्रेक डिजाइन और सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस के साथ पेश किया गया है, वहीं D9 एक फुल-साइज लग्जरी इलेक्ट्रिक MPV है, जिसे खासतौर पर आरामदायक और प्रीमियम सफर के लिए तैयार किया गया है। भारतीय बाजार में Denza Z9 GT की एक्स-शोरूम कीमत 1.57 करोड़ रुपये रखी गई है, जबकि Denza D9 को 90 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है। दोनों मॉडलों की बुकिंग 10 लाख रुपये के टोकन अमाउंट के साथ शुरू हो चुकी है। कंपनी इन दोनों मॉडलों की बिक्री BYD के मौजूदा शोरूम से अलग, डेडिकेटेड Denza डीलरशिप के माध्यम से करेगी। शुरुआत में ब्रांड गुरुग्राम, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद सहित छह शहरों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।
Denza Z9 GT: डिजाइन और डायमेंशन
Denza Z9 GT कंपनी की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक ग्रैंड टूरर है, जिसे शूटिंग ब्रेक बॉडी स्टाइल में तैयार किया गया है। यह पारंपरिक सेडान और स्पोर्ट्स वैगन के डिजाइन का मिश्रण है, जिसमें स्पोर्टी लुक के साथ बेहतर प्रैक्टिकैलिटी भी मिलती है। कार की लंबाई 5,180mm, चौड़ाई 1,990mm और ऊंचाई 1,490mm है। इसके एक्सटीरियर में आकर्षक LED हेडलाइट्स, स्पोर्टी बॉडी डिजाइन, 20-इंच अलॉय व्हील्स, ड्यूल-टोन अलॉय फिनिश और येलो ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं। इसका लो-स्लंग डिजाइन और लंबा रियर सेक्शन इसे एक अलग पहचान देता है।
Denza Z9 GT: बैटरी, मोटर और परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के मामले में Denza Z9 GT इस सेगमेंट की सबसे खास इलेक्ट्रिक कारों में से एक है। इसमें 122.49kWh की दूसरी पीढ़ी की BYD Blade LFP बैटरी दी गई है। इसके साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स का सेटअप मिलता है, जिसमें एक मोटर फ्रंट एक्सल पर और दो मोटर्स रियर एक्सल पर लगाई गई हैं। यह ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलकर लगभग 1,156hp की अधिकतम पावर और 1,210Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक, Z9 GT केवल 2.7 सेकंड में 0 से 100kmph की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 270kmph है। इसकी दावा की गई ड्राइविंग रेंज 670km (NEDC) तक है। वहीं, 100kmph से पूरी तरह रुकने के लिए कार को केवल 32.6 मीटर की दूरी की जरूरत होती है। चार्जिंग के मामले में भी यह इलेक्ट्रिक ग्रैंड टूरर काफी एडवांस है। इसमें 1,500kW तक की DC फास्ट चार्जिंग क्षमता बताई गई है, जो उपयुक्त हाई-पावर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बेहद तेज चार्जिंग की सुविधा देने के लिए डिजाइन की गई है।
एडवांस ड्राइविंग टेक्नोलॉजी और सस्पेंशन
Denza Z9 GT में कंपनी की कई एडवांस ड्राइविंग टेक्नोलॉजी शामिल की गई हैं। इसमें DiSus-A ड्यूल-चेंबर एयर सस्पेंशन दिया गया है, जो सड़क की स्थिति के अनुसार राइड क्वालिटी और व्हीकल स्टेबिलिटी को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके अलावा कार में रियर-व्हील स्टीयरिंग और रियर टॉर्क वेक्टरिंग सिस्टम भी मिलता है। इसकी सबसे खास टेक्नोलॉजी में Crab Walk फंक्शन शामिल है, जिसकी मदद से कार तिरछी दिशा में मूव कर सकती है। यह फीचर खासतौर पर सीमित जगह में पार्किंग और गाड़ी को मोड़ने में उपयोगी है। इसके अलावा 360-degree Pencil Compass Turn फीचर कार को अपनी जगह पर लगभग पूरा चक्कर लगाने की सुविधा देता है। इसमें 15-degree साइड टर्निंग क्षमता और 180kmph तक टायर बर्स्ट कंट्रोल टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो तेज रफ्तार पर टायर फटने जैसी स्थिति में वाहन को नियंत्रित रखने में मदद करती है।
Denza Z9 GT का इंटीरियर और फीचर्स
9 GT का केबिन प्रीमियम मटेरियल और आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ तैयार किया गया है। इसमें 17.3-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 13.2-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग 13.2-इंच की स्क्रीन दी गई है। इसके अलावा 50-इंच का Augmented Reality Head-Up Display भी मिलता है, जो ड्राइवर को जरूरी जानकारी सीधे विंडस्क्रीन पर दिखाता है। ऑडियो अनुभव के लिए इसमें 20-स्पीकर Devialet साउंड सिस्टम दिया गया है। कार में पैनोरमिक सनरूफ, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 50W वायरलेस चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। आगे की तरफ दो 50W वायरलेस चार्जर और पीछे एक 50W वायरलेस चार्जर दिया गया है। इसके अलावा कार में एक खास इंटीग्रेटेड कूलिंग और हीटिंग कम्पार्टमेंट मिलता है, जो -6°C से लेकर 50°C तक तापमान को नियंत्रित कर सकता है। सीटों में पावर एडजस्टमेंट और मसाज जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ड्राइवर सीट में सेल्फ-अडजस्टिंग बोल्स्टर की सुविधा मिलती है, जबकि पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए Boss Button दिया गया है, जिससे आगे की पैसेंजर सीट को एडजस्ट करके रियर सीट पर ज्यादा लेगरूम बनाया जा सकता है। Z9 GT में पांच लोगों के बैठने की सुविधा और 495 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। इसके अलावा कार में ADAS सहित कई एडवांस सेफ्टी और ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स भी दिए गए हैं।
Denza D9: लग्जरी इलेक्ट्रिक MPV का मुकाबला Vellfire और Lexus LM से
Denza की दूसरी पेशकश D9 एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक MPV है, जिसे खासतौर पर लग्जरी और आरामदायक सफर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Toyota Vellfire और Lexus LM जैसी लग्जरी MPVs से होगा। D9 की लंबाई 5,250mm, चौड़ाई 1,960mm और ऊंचाई 1,900mm है। इसका व्हीलबेस 3,110mm है, जो केबिन में बेहतर स्पेस उपलब्ध कराने में मदद करता है। इसमें 2+2+3 सीटिंग लेआउट के साथ सात लोगों के बैठने की सुविधा मिलती है। दूसरी रो में अलग-अलग कैप्टन सीट्स दी गई हैं, जिन्हें खासतौर पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसका बड़ा साइज और प्रीमियम केबिन इसे फैमिली और बिजनेस क्लास ट्रैवल दोनों के लिए एक खास विकल्प बनाते हैं।
Denza D9: बैटरी, मोटर और रेंज
Denza D9 में 115.07kWh की दूसरी पीढ़ी की BYD Blade LFP बैटरी दी गई है। इसमें फ्रंट-माउंटेड सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 462.2hp की अधिकतम पावर और 365Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। यह फ्रंट-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक MPV 0 से 100kmph की रफ्तार 8.5 सेकंड में पकड़ सकती है। रेंज की बात करें तो कंपनी के अनुसार D9 की दावा की गई रेंज 730km (NEDC) तक है, जबकि WLTC टेस्टिंग साइकिल के अनुसार इसकी रेंज 608km तक बताई गई है। इसमें Vehicle-to-Load (V2L) टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिसकी मदद से कार की बैटरी से बाहरी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य उपकरणों को पावर दी जा सकती है।
Denza D9 का इंटीरियर और लग्जरी फीचर्स
Denza D9 का सबसे बड़ा आकर्षण इसका लग्जरी केबिन और दूसरी रो की कैप्टन सीट्स हैं। इसमें जीरो-ग्रैविटी स्टाइल कैप्टन सीट्स दी गई हैं, जिनमें 10-पॉइंट मसाज, हीटिंग, वेंटिलेशन, पावर्ड लेग रेस्ट और मेमोरी फंक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए एंटरटेनमेंट स्क्रीन और बिल्ट-इन रेफ्रिजरेटर भी दिया गया है। डैशबोर्ड पर 15.6-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। बेहतर म्यूजिक अनुभव के लिए इसमें 16-स्पीकर Devialet ऑडियो सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा पैनोरमिक ग्लास रूफ, मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, Apple CarPlay और Android Auto कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स भी शामिल हैं। राइड क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए इसमें DiSus-C Intelligent Damping Suspension दिया गया है, जो सड़क की स्थिति के अनुसार सस्पेंशन की डैम्पिंग को एडजस्ट करने में मदद करता है। इस तरह D9 का केबिन खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो कार में पीछे बैठकर यात्रा करना पसंद करते हैं।
Denza D9 के सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी के मामले में भी कंपनी ने D9 में कई महत्वपूर्ण फीचर्स दिए हैं। इसमें हाई-स्ट्रेंथ स्टील बॉडी स्ट्रक्चर, एंटी-कोलिजन बीम और कुल नौ एयरबैग मिलते हैं। इसके अलावा 360-degree कैमरा सिस्टम और Level 2 ADAS टेक्नोलॉजी भी दी गई है। ADAS के तहत कई ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स मिलते हैं, जो ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने में मदद करते हैं।
भारत में Denza Z9 GT और D9 की कीमत
Denza ने भारतीय बाजार में अपनी शुरुआत दो अलग-अलग कैटेगरी की इलेक्ट्रिक कारों के साथ की है। Z9 GT उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश की गई है, जो लग्जरी के साथ स्पोर्ट्स कार जैसी परफॉर्मेंस चाहते हैं, जबकि D9 उन लोगों के लिए है जो एक प्रीमियम और फीचर-लोडेड इलेक्ट्रिक MPV की तलाश में हैं।
इन दोनों मॉडलों के साथ Denza ने भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। Z9 GT की सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस और एडवांस ड्राइविंग टेक्नोलॉजी इसे एक अलग पहचान देती है, वहीं D9 का बड़ा केबिन, लग्जरी कैप्टन सीट्स और लंबी रेंज इसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक MPV सेगमेंट में एक दिलचस्प विकल्प बनाते हैं।